एटा में 22 वर्षीय महिला का शव पेड़ से लटका मिला, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
23 Mar 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के हत्सारी गांव के बाहर शहतूत के पेड़ पर 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव दुपट्टे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान चांदनी पत्नी तपन शाक्य के रूप में हुई है।
बताया गया कि चांदनी की शादी जून 2021 में मैनपुरी जनपद के थाना कुरावली क्षेत्र के नगला हरनागर गांव में हुई थी। उसके पास 13 माह की एक मासूम बेटी करुणा भी है।
मृतका के पिता मलखान सिंह ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि चांदनी पहले भी हरदोई जिले के एक युवक के साथ चली गई थी, जिसकी शिकायत कुरावली थाने में दर्ज कराई गई थी। बाद में पुलिस ने उसे बरामद कर परिवार के सुपुर्द किया था।
परिजनों के अनुसार, घटना वाली रात चांदनी ससुराल से सामान लेकर साड़ी के सहारे घर से नीचे उतरी थी। परिवार को शक है कि वह उसी युवक के साथ गई होगी, जिसने पैसों के लालच में उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया।
वहीं मृतका की बुआ ने भी बताया कि संदिग्ध युवक हरदोई का निवासी है और फर्रुखाबाद में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करता है। उसका नाम मोहित बताया जा रहा है।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
अलीगंज थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








