रात में सूना घर देख चोरों ने किया हाथ साफ, लाखों की चोरी
22 Mar 2026

रात में सूना घर देख चोरों ने किया हाथ साफ, लाखों की चोरी
एटा। राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अंगदपुर में एक बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। ग्राम निवासी रामसेवक पुत्र अनोखेलाल, जो किराना दुकान संचालित करते हैं, किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी सूरजमुखी और 6 वर्षीय नाती मौजूद थे, लेकिन रात में वे गांव में स्थित दूसरे मकान में सोने चले गए और मुख्य मकान में ताला लगा दिया। सुबह जब सूरजमुखी वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो तीनों कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने बक्से और अलमारी खंगालकर करीब 60 हजार रुपये नकद के साथ कमर गुच्छा, कंदनी, खड़ुआ और पायल सहित लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। इसके बाद क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक सत्यपाल सिंह, डॉग स्क्वाड और फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस को रविवार सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत जांच शुरू कर दी गई। अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। वहीं, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम घटना के जल्द खुलासे के प्रयास में जुटी हुई है।