अलीगंज में कोटेदारों की बैठक, पारदर्शी वितरण व ई-केवाईसी पर जोर
21 Mar 2026

अलीगंज में कोटेदारों की बैठक, पारदर्शी वितरण व ई-केवाईसी पर जोर
अलीगंज। तहसील सभागार में जैथरा एवं अलीगंज विकासखंड क्षेत्र के ग्रामीण व शहरी राशन दुकानदारों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सप्लाई इंस्पेक्टर हरीश रंजन एवं जैथरा इंस्पेक्टर धारणा सिंह ने की। बैठक में राशन वितरण व्यवस्था, खाद्यान्न के रखरखाव, ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री तथा फैमिली आईडी बनवाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी कोटेदारों को निर्देशित किया कि राशन कार्ड धारकों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी हर हाल में सुनिश्चित कराई जाए। सप्लाई इंस्पेक्टर हरीश रंजन ने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रत्येक राशन कार्ड धारक की ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। इसके लिए कोटेदार स्वयं लाभार्थियों से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कराएं। इसके साथ ही निर्देश दिए गए कि राशन आवंटन, वितरण तिथि तथा उपलब्ध खाद्यान्न की जानकारी दुकान के नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से अंकित की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। बैठक में आदित्य शाक्य, अमर सिंह, वीरपाल, अजय, राघव मिश्रा, गोरेलाल, अखिलेश यादव सहित बड़ी संख्या में कोटेदार उपस्थित रहे।
Advertisement
Advertisement