छैनाकछार बी। ग्राम के प्रसिद्ध माता खेड़ापति मंदिर में हाल ही में माता रानी की मूर्ति की पुनः स्थापना बड़े हर्ष और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर की पवित्रता बनाए रखने के लिए कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। समिति ने स्पष्ट किया है कि नवीन स्थापित मूर्ति पर सीधे जल अर्पित न किया जाए, बल्कि माता रानी के स्थापित पावन चरण चिन्हों पर ही जल चढ़ाया जाए।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि मूर्ति पर सिंदूर, अक्षत, प्रसादी या अन्य पूजन सामग्री न लगाएं और इन्हें केवल निर्धारित स्थान पर ही अर्पित करें।
मंदिर परिसर की स्वच्छता को लेकर भी विशेष अपील की गई है। समिति ने सभी से आग्रह किया है कि परिसर में कूड़ा-कचरा न फैलाएं और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
मंदिर की गरिमा बनाए रखने हेतु श्रद्धालुओं से शांत और शालीन व्यवहार करने की भी अपील की गई है।
मंदिर समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं का सहयोग ही मंदिर की दिव्यता और पवित्रता को बनाए रखने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।








