महंगाई को लेकर जसपा के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन बंसल का बीजेपी सरकार पर निशाना
13 Mar 2026

महंगाई को लेकर जसपा के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन बंसल का बीजेपी सरकार पर निशाना
मुज़फ्फरनगर। अमन बंसल, जो जय समता पार्टी (जसपा) के चर्चित युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है और अब सरकार अंतरराष्ट्रीय हालातों की आड़ लेकर जनता पर और बोझ डाल रही है। अमन बंसल का कहना है कि ईरान और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध को बहाना बनाकर सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में हर घर में इस्तेमाल होने वाले LPG गैस सिलेंडर की कीमत में लगभग 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जिससे आम और गरीब परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई जगहों पर लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। सुबह से शाम तक भीड़ में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। अमन बंसल ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर गरीब जनता के साथ यह अन्याय कब तक चलेगा। उन्होंने कहा, “क्या बीजेपी सरकार गरीबों को दो वक्त की रोटी खाने का हक भी नहीं देना चाहती?” उन्होंने सरकार से मांग की कि बढ़ती महंगाई पर तुरंत नियंत्रण किया जाए और आम जनता को राहत देने के लिए गैस सिलेंडर समेत जरूरी वस्तुओं की कीमतें कम की जाएं।