वन भूमि पर रसूखदारों का कब्जा करने का खेल, ट्यूबवेल मशीन रंगे हाथों जब्त
11 Mar 2026

वन भूमि पर रसूखदारों का कब्जा करने का खेल, ट्यूबवेल मशीन रंगे हाथों जब्त
*चीचली ब्लॉक में शासकीय जमीन पर लगातार अवैध गतिविधियाँ, वन विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप* गाडरवारा। नरसिंहपुर जिले की तहसील गाडरवारा अंतर्गत चीचली ब्लॉक क्षेत्र में शासकीय राजस्व एवं वन भूमि पर कब्जा करने की कोशिशें लगातार सामने आ रही हैं। क्षेत्र में कुछ रसूखदार और प्रभावशाली लोगों द्वारा अपने प्रभाव का उपयोग करते हुए शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर उसे निजी उपयोग के लिए तैयार करने की साजिशें चल रही हैं। स्थानीय लोगों और पत्रकारों द्वारा लगातार इन अवैध गतिविधियों को उजागर कर प्रशासन को सचेत किया जा रहा है, जिसके बाद अब वन विभाग भी कार्रवाई के मूड में दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में वन विभाग गाडरवारा की टीम ने बाबा कुड़ी मौजा और छेना कछार के बीच स्थित वन भूमि पर अवैध रूप से ट्यूबवेल खुदाई करते हुए एक मशीन को रंगे हाथों पकड़कर जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के वन विभाग की भूमि में ट्यूबवेल करवाने का प्रयास किया जा रहा था। गौरतलब है कि इससे पहले भी वन विभाग की सीमा क्षेत्र में जंगल को नुकसान पहुंचाते हुए कार्य कर रही दो जेसीबी मशीनों को जब्त किया था, जिससे स्पष्ट हो रहा है कि क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिशें लगातार की जा रही हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार जब्त की गई ट्यूबवेल मशीन में तकनीकी खराबी और कुछ टूट-फूट होने के कारण उसे तत्काल वन परिक्षेत्र कार्यालय गाडरवारा नहीं लाया जा सका। मशीन को पहले ठीक कराया जाएगा, जिसके बाद विधिवत वाहन जब्ती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल वन विभाग की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह मशीन किसकी है और इसे किसके इशारे पर वन भूमि में चलाया जा रहा था। विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की तैयारी बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो प्रभावशाली लोगों द्वारा धीरे-धीरे वन और शासकीय भूमि पर कब्जा करने की कोशिशें बढ़ती जाएंगी।