डीएम व एसपी की अध्यक्षता में उ0प्र0 उप-निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड,
10 Mar 2026
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
डीएम व एसपी की अध्यक्षता में उ0प्र0 उप-निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उ0प्र0 उप-निरीक्षक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सम्पन्न कराये जाने सम्बंधित बैठक हुई आयोजित
????????परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण सम्पन्न कराने हेतु प्रशासनिक/पुलिस अधिकारीगण तत्परता एवं सतर्कता के साथ जिम्मेदारियों का करें निर्वहन
भदोही 10 मार्च। जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश उप-निरीक्षक पुलिस नागरिक समकक्ष पदो भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश उप-निरीक्षक नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सम्पन्न कराये जाने हेतु जनपद स्तर पर गठित परीक्षा चयन समिति एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक एवं अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य सिंह उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश उप-निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा के संबंध में शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि दिनांक 14 मार्च से 15 मार्च को दो पालियों में (प्रथम पाली पूर्वान्ह 10.00 बजे से मध्याह्न 12.00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 03 बजे से सायं 05 बजे तक) आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि जनपद में उ0प्र0 उप निरीक्षक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा कुल 06 परीक्षा केन्द्रों पर करायी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण सम्पन्न कराने हेतु प्रत्येक स्तर पर सतर्कता, सजगता एवं अनुशासन बनाए रखने हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, एवं अतिरिक्त सहायक केन्द्र व्यवस्थापक की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा से संबंधित प्रश्न पुस्तिकाओं को परीक्षा के दिन कंट्रोल रूम से प्राप्त करने तथा परीक्षा केन्द्रों पर पहुँचाने एवं लाने हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा के सकुशल संचालन हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, एवं अतिरिक्त सहायक केन्द्र व्यवस्थापक की तैनाती परीक्षा केन्द्रवार की गई है।
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत की गई समस्त तैयारियों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने ड्यूटी में लगाये गये समस्त अधिकारियों एवं अन्य संम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण सम्पन्न कराना हम सब की जिम्मेदारी है, इसमें अपने-अपने ड्यूटी के अनुसार पूर्ण निष्ठा एवं तत्परता के साथ कार्यो को सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी सौपी गई है। उन्होंने कहा कि स्ट्रांगरूम प्रशासन व पुलिस की देख-रेख में रहेगा तथा सम्पूर्ण परीक्षा प्रक्रिया के दौरान कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संतोष चक को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाये, परीक्षा केन्द्रों पर पीने का पानी, शौचालय एवं प्रकाश आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने से संबन्धित निर्देश दिये गये। परीक्षा सम्पन्न कराये जाने की सम्पूर्ण तैयारी अभी से ही प्रारम्भ कर दी जाय जिससे परीक्षा सम्पन्न कराये जाने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कहा कि ड्यूटी में लगाये गये सभी मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यस्थापक निर्देश पुस्तिका का गंभीरता से अध्ययन कर लें, किसी भी भ्रम की स्थिति में उसे अभी से क्लियर कर लें। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र का मूवमेन्ट प्रशासन/पुलिस की निगरानी में होगा। सभी परीक्षा केन्द्रों एवं स्ट्रांगरूम में अग्निशमन उपकरणों को लगा दिया जाये। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की उचित व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित प्रशासनिक/पुलिस अधिकारियो को निर्देशित किया है कि सम्पूर्ण परीक्षा प्रक्रिया के दौरान परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये। अधिकारीगण पूरी निष्ठा एवं सतर्कता के साथ अपने उत्तरदायित्वों को निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर सभी सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी व पुलिस उपाधीक्षक, जिला विकास अधिकारी ज्ञान प्रकाश, उपायुक्त उद्योग, एआरटीओ राम सिंह, उप कृषि निदेशक डा0 अश्वनी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडे, प्राचार्य केएनपीजी, सभी केंद्रों के प्रधानाचार्य, जिला विकास अधिकारी ज्ञानप्रकाश, सहित समस्त परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापक एवं सम्बंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।








