भाई की हत्या का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, 12 बोर तमंचा बरामद
09 Mar 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र में बड़े भाई की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह घटना 3 मार्च 2026 को हुई थी। कस्तूरपुरा गांव निवासी राहुल अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर बहस कर रहा था। इसी दौरान उसके छोटे भाई विपुल उर्फ रिशू ने गुस्से में आकर राहुल पर गोली चला दी।
गोली लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में मृतक के भाई रोहित पुत्र उमेश चंद्र की तहरीर पर जैथरा थाने में मुकदमा संख्या 57/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के निर्देशन में जैथरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विपुल उर्फ रिशू पुत्र उमेश चंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध 12 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट की भी बढ़ोतरी की गई है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रितेश ठाकुर, उपनिरीक्षक धर्मेश कुमार, कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार और कांस्टेबल मोहित भाटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








