एटा में बस ने महिला को 10 मीटर तक घसीटा, शादी से लौट रही प्रीति की मौत
09 Mar 2026

एटा में बस ने महिला को 10 मीटर तक घसीटा, शादी से लौट रही प्रीति की मौत
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। रोडवेज बस की चपेट में आने से महिला को करीब 10 मीटर तक घसीट लिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे शीतलपुर गांव के समीप कब्रिस्तान के पास की है। जानकारी के अनुसार धूमरी निवासी प्रीति (28) पत्नी भूपेंद्र अपने पति और बच्चों के साथ अवागढ़ के नगला भक्ति से एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रही थी। बताया गया कि शीतलपुर गांव के पास वह सड़क किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की फर्रुखाबाद डिपो की बस (यूपी 78 एफडी 8448) ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस महिला को करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में बस का अगला टायर महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के रिश्तेदार महावीर ने बताया कि बस की टक्कर के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग गया। वहीं हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।