एटा के सूबेदार सुनील कुमार का निधन | लद्दाख में तैनात सैनिक की ब्रेन ट्यूमर से मौत, राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार
08 Mar 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा जिले के मारहरा विधानसभा क्षेत्र के गांव खंगारपुर सरनऊ निवासी भारतीय सेना के सूबेदार सुनील कुमार का ड्यूटी के दौरान बीमारी के चलते निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
सूबेदार सुनील कुमार भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर तैनात थे और उनकी पोस्टिंग लेह-लद्दाख में थी। उन्होंने वर्ष 1996 में भारतीय सेना जॉइन की थी। वह रिटायर्ड फौजी जमादार सिंह के पुत्र थे।
परिजनों के अनुसार सूबेदार सुनील कुमार पिछले कुछ समय से ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से पीड़ित थे। पहले उनका इलाज दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल AHRR में चल रहा था। बाद में उन्हें आगरा स्थित आर्मी मिलिट्री हॉस्पिटल (MH) में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
रविवार को जैसे ही उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
अंतिम संस्कार कार्यक्रम में पूर्व गौरव यादव, सैनिक प्रकोष्ठ के विनोद फौजी, हरिकिशन फौजी सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग मौजूद रहे और नम आंखों से सूबेदार सुनील कुमार को अंतिम विदाई दी।








