सफाई कर्मी अभ्यर्थी 80 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ाः नियुक्ति न होने से नाराज, पुलिस प्रशासन मनाने में जुटा
27 Feb 2026

सफाई कर्मी अभ्यर्थी 80 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ाः नियुक्ति न होने से नाराज, पुलिस प्रशासन मनाने में जुटा
भदोही जिले में अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर एक सफाई कर्मी अभ्यर्थी 80 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। पंधारी कनौजिया (45), निवासी पुरे दयाल कंसापुर करियांव, कलेक्ट्रेट स्थित टावर पर चढ़ा। यह घटना अन्य जिलों से सफाई कर्मियों को भदोही में नियुक्त किए जाने के विरोध में हुई। जिले में सफाई कर्मी अभ्यर्थी 2008 से लगातार अपनी नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। इन 17 वर्षों में उन्होंने धरना प्रदर्शन, आमरण अनशन सहित कई आंदोलन किए, लेकिन उनकी नियुक्ति नहीं की गई। मुख्यमंत्री ने एक जनसभा में उनकी नियुक्ति का आश्वासन दिया था, लेकिन जिले में यह वादा पूरा नहीं हुआ। जबकि, अन्य जनपदों में 2008 में ही सफाई कर्मियों की नियुक्ति कर ली गई थी। अभ्यर्थी तब और आक्रोशित हो गए जब भदोही जनपद में अन्य जिलों से सफाई कर्मियों को लाकर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई। पंधारी कनौजिया ने कहा कि "हम लोग लगातार 17 सालों से आंदोलनरत हैं। हमारी नियुक्ति न करके अन्य जनपदों के सफाई कर्मियों को भदोही में नियुक्त करना हम सभी के साथ अन्याय है।" अभ्यर्थी के टावर पर चढ़ने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। घंटों तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी उसे नीचे उतारने के लिए समझाते रहे और आश्वासन देते रहे कि उनकी मांगें पूरी कर ली गई हैं, लेकिन अभ्यर्थी नीचे नहीं उतरा।