₹23 हजार लौटाकर इम्तियाज मास्टर ने पेश की मिसाल!..चौकी प्रभारी एस. खान की तत्परता
26 Feb 2026
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
खमरिया
भदोही जिले से है जहां पर खमरिया, थाना औराई क्षेत्र में ईमानदारी और पुलिस की सक्रियता का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। एक ओर जहां अक्सर गुमशुदा धनराशि मिलने पर लोग उसे अपना समझ लेते हैं, वहीं खमरिया नगर पंचायत निवासी इम्तियाज मास्टर ने ₹23,000 की नगद राशि लौटाकर समाज के सामने ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक दशरथ पाल बिजली का बिल जमा करने के लिए ₹25,000 लेकर पावर हाउस पहुंचे थे। उन्होंने कैश काउंटर पर ₹11,000 जमा किए। कैशियर द्वारा बताया गया कि ₹2,000 पहले ही जमा हो चुके हैं और ₹9,000 उन्हें वापस कर दिए गए। इसी बीच दशरथ पाल को आशंका हुई कि उनकी शेष ₹23,000 की नगद राशि कैश काउंटर पर ही कहीं छूट गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पावर हाउस के कैशियर और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हो गई और स्थिति की जांच शुरू कर दी गई। इसी दौरान खमरिया नगर पंचायत निवासी इम्तियाज मास्टर पुत्र मसूद अली भीड़ देखकर मौके पर पहुंचे।
इम्तियाज मास्टर ने बताया कि उसी दिन सुबह लगभग 11 बजे जब वे काशीचक से खमरिया की ओर जा रहे थे, तब पावर हाउस से लगभग 150 मीटर की दूरी पर उन्हें ₹23,000 नगद गिरे हुए मिले। उन्होंने तुरंत धनराशि को सुरक्षित रखा और सही व्यक्ति की तलाश में जुट गए। बाद में पुलिस और संबंधित व्यक्ति को सूचना देकर पूरी राशि लौटाने का निर्णय लिया।
चौकी प्रभारी एस. खान (खमरिया चौकी) ने तत्परता दिखाते हुए मामले का सत्यापन कराया। सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ₹23,000 की पूरी धनराशि आवेदक दशरथ पाल को सकुशल वापस दिला दी गई। रकम वापस पाकर दशरथ पाल की आंखों में राहत साफ झलक रही थी। उन्होंने इम्तियाज मास्टर और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि ईमानदार लोग और सजग पुलिस न होती तो उनकी मेहनत की कमाई वापस मिलना संभव नहीं था।








