एटा में सेंट्रल GST का छापा: सरिया कारोबारी की बिगड़ी तबीयत, व्यापारियों का हंगामा
21 Feb 2026

एटा में सेंट्रल GST का छापा: सरिया कारोबारी की बिगड़ी तबीयत, व्यापारियों का हंगामा
एटा। जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में सेंट्रल जीएसटी टीम ने सरिया कारोबारी के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान कारोबारी विजय जैन की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें पहले एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया और बाद में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, सेंट्रल जीएसटी टीम ने कोतवाली नगर स्थित विजय हार्डवेयर पर जीएसटी चोरी की सूचना के आधार पर छापा मारा। टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रतिष्ठान के व्यापारिक दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि सरिया और हार्डवेयर से जुड़े लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। छापेमारी के दौरान कारोबारी विजय जैन की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। व्यापारी की तबीयत बिगड़ने की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में व्यापारी और व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान जीएसटी अधिकारियों और व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सूचना पर प्रमोद गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित व्यापारियों को शांत कराया और कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारियों का शोषण नहीं होना चाहिए। उन्होंने व्यापारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। फिलहाल जीएसटी टीम की कार्रवाई जारी है और अधिकारी दस्तावेजों की जांच में जुटे हैं। मामले को लेकर व्यापारिक समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है।