एटा में बैंक मैनेजर पर फायरिंग व लूट का आरोप, पुलिस ने बताया प्रधानी विवाद
17 Feb 2026

एटा में बैंक मैनेजर पर फायरिंग व लूट का आरोप, पुलिस ने बताया प्रधानी विवाद
एटा जिले के जसरथपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बैंक मैनेजर पर फायरिंग, मारपीट और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने सात लोगों पर घर से करीब 200 मीटर दूर रास्ता रोककर हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने प्रारंभिक जांच में घटना को संदिग्ध बताते हुए इसे गांव के प्रधानी विवाद से जुड़ा मामला बताया है। जान से मारने की नीयत से फायरिंग का आरोप ग्राम गणपतिपुर बढ़ापुर निवासी बैंक मैनेजर भानु प्रताप सिंह के अनुसार, वह सुबह करीब 8:30 बजे अपने भतीजे के साथ कार से ड्यूटी पर जा रहे थे। आरोप है कि गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उनकी कार रोक ली और तमंचे से फायरिंग कर दी। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर कार के शीशे तोड़ दिए गए। हमले में भानु प्रताप के सिर में चोट आई, जबकि उनके भतीजे के हाथ में चोट लगी। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उनकी कार में रखा लैपटॉप भी ले गए। घटना के बाद उन्होंने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, तोड़फोड़ और लूट की शिकायत दर्ज कराई है। 15 दिन पहले भी हुआ था विवाद भानु प्रताप का कहना है कि करीब 15 दिन पहले भी उनके साथ मारपीट हुई थी, जिसकी लिखित शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आशंका जताई थी कि भविष्य में उनके साथ बड़ी घटना हो सकती है। उन्होंने बताया कि घटना के समय फायरिंग से बचते हुए उन्होंने कार पीछे की ओर मोड़ी। जैसे ही वह बाहर निकलने लगे, आरोपियों ने डंडों से कार पर हमला शुरू कर दिया। दूसरी ओर से भी मारपीट का आरोप मामले में दूसरी ओर से भी आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि 17 फरवरी 2026 को महाराजपुर चौराहे पर उन पर डंडे और तमंचे से हमला किया गया तथा गाड़ी के शीशे तोड़े गए। बीच-बचाव करने आए व्यक्ति को भी चोटें आईं। पुलिस बोली—प्रधानी विवाद की आशंका अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया फायरिंग और लूट की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। गांव में पहले से प्रधानी को लेकर विवाद चल रहा है, जिससे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।