परीक्षा में लापरवाही पर दो पर्यवेक्षक निलंबित
केन्द्राध्यक्ष व सहायक केन्द्राध्यक्षों को 3 दिन का नोटिस
15 Feb 2026
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
देवास। माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्य प्रदेश की वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षा के दौरान कर्तव्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर दो परीक्षा केन्द्रों के पर्यवेक्षकों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि संबंधित केन्द्राध्यक्षों व सहायक केन्द्राध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आशा कैम्ब्रिज उ.मा.वि., देवास के पर्यवेक्षक गिरिश कौशल तथा आशा सरस्वती शिशु मंदिर उ.मा.वि., विजय नगर, देवास की पर्यवेक्षक दरक्षा कुरैशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, देवास रहेगा तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
वहीं सरस्वती शिशु मंदिर उ.मा.वि., विजय नगर की केन्द्राध्यक्ष वंदना वर्मा व सहायक केन्द्राध्यक्ष लोकेश गुर्जर तथा कैम्ब्रिज उ.मा.वि., देवास की केन्द्राध्यक्ष प्रभा वर्मा व सहायक केन्द्राध्यक्ष महेन्द्र वर्मा को तीन दिवस में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने की दिशा में कड़ा कदम माना जा रहा है।








