राजकीय हाई स्कूल लाला नगर औराई भदोही में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि दिवस
10 Feb 2026

राजकीय हाई स्कूल लाला नगर औराई भदोही में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि दिवस
राजकीय हाई स्कूल लाला नगर औराई भदोही में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि दिवस के अवसर पर एक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य राम सजन सोनकर की देखरेख में बच्चों को कृमिनाशक (एल्बेंडाजोल) टैबलेट खिलाई गई यह अभियान औराई ब्लॉक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों (AWW सेंटर) पर भी चलाया गया, जहाँ बच्चों को कृमिनाशक दवा दी गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पेट के कीड़ों से होने वाली बीमारियों से बचाना और उनके समग्र स्वास्थ्य में सुधार लाना है। प्रधानाचार्य राम सजन सोनकर ने इस अवसर पर बताया कि कृमि मुक्ति अभियान से बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार होता है। यह उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, एनीमिया पर नियंत्रण में मदद करता है, साथ ही उनकी सीखने की क्षमता और विद्यालय में उपस्थिति को भी बेहतर बनाता है। बच्चों को नियमित रूप से दवा दिलाने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में सहयोग करें। दवा वितरण से पहले बच्चों के हाथ धुलवाए गए और दवा खाने के बाद कुछ समय तक उनकी निगरानी भी की गई। शिक्षकों ने बच्चों को साफ-सफाई, हाथ धोने के महत्व और स्वच्छ भोजन की आदतों के बारे में जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, साफ पानी पीने, नाखून छोटे रखने, जूते पहनने और खुले में शौच न करने जैसे बचाव उपायों पर विशेष जोर दिया गया। इस अभियान में डॉ कृष्ण कुमार शर्मा विनोद कुमार त्रिपाठी राजकुमार पांडे लोकेश विपिन कुमार सहित विद्यालय स्टाफ और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।