खातेगांव वन परिक्षेत्र में सागवान कटाई, वन माफिया फरार – विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
31 Jan 2026
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
खातेगांव।
वन परिक्षेत्र खातेगांव के अंतर्गत पलासी क्षेत्र की चंद्रपुरा बीट में वन माफियाओं द्वारा हरे-भरे सागवान के पेड़ों की अवैध कटाई का गंभीर मामला सामने आया है। 28 जनवरी की रात माफियाओं ने मशीनों की मदद से सागवान के पेड़ काटे और लकड़ी वाहन में भरकर फरार हो गए।
वन विभाग के डिप्टी रेंजर मोहन श्रीवास्तव के अनुसार, सूचना मिलने पर जब वन अमला मौके पर पहुँचा तो माफिया वाहन सहित भाग निकले। विभाग द्वारा लकड़ी जप्त कर प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।
हालांकि इस पूरे मामले में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जंगल के भीतर से माफिया वाहन लेकर कैसे फरार हो गए, जबकि आसपास वन विभाग के कर्मचारी और नाके मौजूद बताए जा रहे हैं। क्या इतने नाकों को पार कर वाहन सहित भागना संभव है?
इसके अलावा, जिस स्थान से लकड़ी जप्त की गई है, वहां संबंधित कर्मचारियों द्वारा जीपीएस लोकेशन युक्त कैमरे से वीडियो या फोटो नहीं लिए गए। इससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि लकड़ी वास्तव में उसी स्थान से जप्त की गई, जहां कटाई हुई थी।
इस घटना ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखने वाली बात होगी कि जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है और वन माफियाओं तक कानून का शिकंजा कब कसता है।








