सोना चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, एमसीएक्स पर ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचे।
30 Jan 2026

सोना चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, एमसीएक्स पर ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचे।
सोना चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, एमसीएक्स पर ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचे भाव नई दिल्ली। गुरुवार को सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली, जिससे दोनों कीमती धातुएं एमसीएक्स पर अपने अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गईं। सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों के बीच निवेशकों का रुझान तेजी से कीमती धातुओं की ओर बढ़ा है।एमसीएक्स पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी की कीमत में 17 हजार रुपये प्रति किलो से अधिक की उछाल दर्ज की गई। गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे चांदी 18,479 रुपये की तेजी के साथ 4,03,845 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी। यह पहला मौका है जब चांदी की कीमत 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंची है।वहीं, सोने की कीमतों में भी जोरदार उछाल आया। फरवरी डिलीवरी वाला सोना 11 हजार रुपये से ज्यादा चढ़कर 1.77 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया। सुबह के कारोबार में सोना 12,105 रुपये की तेजी के साथ 1,78,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया।विशेषज्ञों के मुताबिक, इस रिकॉर्ड तेजी के पीछे कई वैश्विक कारण हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनावों के चलते निवेशक सुरक्षित विकल्पों की तलाश में हैं। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को फिलहाल अपरिवर्तित रखने और आगे दरों में बढ़ोतरी की सीमित संभावना के संकेतों ने भी सोना-चांदी की मांग को मजबूती दी है।