विश्वकर्मा योजना के तहत एटा में महिलाओं को रोजगार की सौगात, टूलकिट वितरित
29 Jan 2026

विश्वकर्मा योजना के तहत एटा में महिलाओं को रोजगार की सौगात, टूलकिट वितरित

एटा। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दर्जी ट्रेड के प्रशिक्षार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, कासगंज रोड, एटा परिसर में किया गया, जिसकी अध्यक्षता एटा सदर विधायक विपिन कुमार डेविड ने की। इस दौरान 200 से अधिक महिलाओं को दर्जी ट्रेड की टूलकिट प्रदान की गईं।
उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत ने बताया कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का उद्देश्य छोटे कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों को स्वरोजगार से जोड़ना है। योजना के अंतर्गत 10 दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत मानदेय एवं उन्नत किस्म की टूलकिट उपलब्ध कराई जाती है। जनपद में दर्जी ट्रेड के अलावा हलवाई, मोची, राजमिस्त्री एवं बढ़ई ट्रेड में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक विपिन कुमार डेविड ने प्रशिक्षार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं इसके लाभों की जानकारी ली। प्रशिक्षार्थियों ने बताया कि उन्हें सलवार-सूट कटिंग, पेटीकोट, बच्चों के फ्रॉक एवं ब्लाउज बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है।
विधायक डेविड ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने “हर हाथ को काम, कोई भी बेरोजगार न रहे” के लक्ष्य को दोहराते हुए विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ऋण लेकर कोई भी अपना उद्यम स्थापित कर सकता है।
टूलकिट प्राप्त करने वाली महिलाओं में विजयलक्ष्मी, शशि कुमारी, करीना कश्यप, शालिनी, महक, निशा, ललिता, ऊषारानी, रूपारानी, अनीता, मीना रानी, गुड्डी देवी, बिजलेश कुमारी, शबनम, तारावती, शायदा, पूनम, राजकुमारी, कृष्णा कश्यप, लता, रूबी, प्रियंका, पूनम कुमारी, हेमलता, अंजलि, मंजू, पिंकी, राखी, शशिप्रभा सहित 200 से अधिक महिलाएं शामिल रहीं।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत के साथ राजीव कुमार, जमील सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।