भूमाफियाओं ने शासकीय हैंडपंप पर किया कब्जा, ग्रामीणों को पेयजल संकट
28 Jan 2026
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
खातेगाँव /नयापुरा | ग्राम पंचायत साकटिया के अंतर्गत ग्राम नयापुरा में भूमाफियाओं द्वारा शासकीय हैंडपंप पर अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। इस कब्जे के कारण गांव में गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त हैंडपंप वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में था, लेकिन कुछ लोगों ने उस पर कब्जा कर उसे निजी उपयोग में ले लिया है। ग्रामीणों को पानी भरने से रोका जा रहा है, जिससे गांव में आक्रोश व्याप्त है।
महिला ग्रामीणों ने बताया कि “पानी के लिए अब दूर जाना पड़ रहा है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी हो रही है।”
वहीं अन्य ग्रामीणों का कहना है कि “शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। यदि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया जाए तथा शासकीय संपत्ति पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। यह मामला प्रशासन की कार्यप्रणाली और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।








