बदायूँ : पुलिस लाइन में 77वें गणतंत्र दिवस पर भव्य रैतिक परेड।
26 Jan 2026
Reporter-- Rahul
बदायूँ पुलिस लाइन में 77वें गणतंत्र दिवस पर भव्य रैतिक परेड बदायूँ, 26 जनवरी 2026।77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रिज़र्व पुलिस लाइन, जनपद बदायूँ में भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में हुआ, जिसमें जवानों के जोश, अनुशासन और शौर्य ने उपस्थित अतिथियों व आमजन को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि माननीय डॉ. अरुण कुमार जी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग उत्तर प्रदेश तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी श्री अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली गई एवं निरीक्षण किया गया। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, पुलिसकर्मियों एवं नागरिकों ने संविधान की प्रस्तावना की शपथ ली।परेड का संचालन प्रथम परेड कमाण्डर क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। परेड में सिविल पुलिस, यातायात पुलिस, पीएसी, महिला पुलिस, डायल-112, साइबर क्राइम, स्वाट, फायर सर्विस सहित 23 टोलियों ने भाग लिया। पीएसी बैण्ड, हर्ष फायर और फायर सर्विस द्वारा बनाए गए तिरंगे ने सभी का मन मोह लिया।समारोह में शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को गैलेंट्री अवार्ड, सेवा पदक, प्रशंसा चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पुलिस मॉडर्न स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विवेक संगल, सदर विधायक श्री महेश चन्द्र गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।








