बरुआसागर: पार्वती मंडपम में हिंदू समाज का विशाल सम्मेलन संपन्न, एकता और धर्म रक्षा का गूँजा स्वर
24 Jan 2026

बरुआसागर: पार्वती मंडपम में हिंदू समाज का विशाल सम्मेलन संपन्न, एकता और धर्म रक्षा का गूँजा स्वर
बरुआसागर। नगर के पार्वती मंडपम में हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से एक भव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक भव्यता से सराबोर इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने सनातन संस्कृति की रक्षा और युवा शक्ति के जागरण पर विशेष बल दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन कार्यक्रम की अध्यक्षता सोहन अग्रवाल ने की। सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ जीपी नायक विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत 'गणेश वंदना' से हुआ। इसके पश्चात, चौधरी मुन्नालाल अग्रवाल विद्यालय की बालिकाओं ने रामायण के प्रसंगों पर आधारित एक प्रेरक लघु नाटिका प्रस्तुत की। इस नाटिका के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। महंत हरिओम पाठक मुख्य अतिथि, सिद्धेश्वर सिद्ध पीठ के महंत आचार्य हरिओम पाठक ने बुंदेलखंड की गौरवशाली परंपरा को याद करते हुए कहा: "बुंदेलखंड वीर प्रसूता धरती है, जहाँ के रणबाँकुरों ने मातृभूमि और धर्म की रक्षा के लिए सदैव अपने प्राणों की आहुति दी है। हमें अपने पूर्वजों के उस शौर्य और त्याग को आत्मसात करने की आवश्यकता है।" मुख्य वक्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मनोज ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि आज के समय में सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए युवाओं की सक्रियता अनिवार्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे दृढ़ संकल्प के साथ धर्म के मार्ग पर चलें और समाज को नई दिशा प्रदान करें | इस अवसर पर आरएसएस के प्रांत ग्राम्य प्रमुख राजकुमार, सह जिला प्रचारक रंजीत, नगर प्रचारक राज और नगर संघ चालक मृदुल तिवारी मौजूद रहे। साथ ही डॉ. लखनलाल सोनी, बृजबिहारी गुप्ता, राकेश सुडेले, मीनू राजावत, संगीता अग्रवाल सहित भारी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक और नगरवासी उपस्थित रहे।