कांटाफोड़ से फरार संदिग्ध 7 घंटे में दबोचे गए, पुलिस की मुस्तैदी से बड़ी चूक टली
22 Jan 2026
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
कांटाफोड़/सतवास।
कांटाफोड़ थाना क्षेत्र से फरार हुए दो संदिग्धों को पुलिस ने महज 7 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। सतवास थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को सतवास–कांटाफोड़ सीमा पर स्थित खेत से पकड़कर कांटाफोड़ पुलिस के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार, दोनों संदिग्ध चोरी के एक पुराने मामले में पूछताछ के लिए कांटाफोड़ थाने लाए गए थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने पानी पीने और वॉशरूम जाने का बहाना बनाया और इसी दौरान पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
एएसपी सौम्या जैन ने बताया कि सतवास थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया और 7 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि कांटाफोड़ थाने में सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली में कहां चूक हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दोनों आरोपियों को कांटाफोड़ थाना पुलिस द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत पूछताछ में लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।








