जनसुनवाई में विधायक इंजीनियर ने दिए अधिकारियों को निर्देश, दिव्यांगों की 13 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
22 Jan 2026

जनसुनवाई में विधायक इंजीनियर ने दिए अधिकारियों को निर्देश, दिव्यांगों की 13 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
आष्टा/सिहोर— आष्टा विधायक कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने क्षेत्र से आए नागरिकों एवं ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान दिव्यांगजन स्वावलंबन एवं कल्याण समिति के सदस्यों ने उपस्थित होकर अपनी 13 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन विधायक को सौंपा। विधायक ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि जो मांगें शासन स्तर से संबंधित हैं, उन्हें शीघ्र ही मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। जनसुनवाई में आष्टा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक गोपालसिंह इंजीनियर प्रत्येक बुधवार को प्रातः 10 बजे से अपने कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित करते हैं, जिसमें आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु सीधे संवाद किया जाता है। प्राप्त आवेदनों पर विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल चर्चा कर समस्याओं के समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि “जनसेवक होने के नाते जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना मेरा कर्तव्य और धर्म है।” उन्होंने जनसुनवाई में आए सभी नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा तथा जो मांगें शासन स्तर की हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ शासन तक पहुंचाया जाएगा। विधायक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज की जनसुनवाई में दिव्यांगजनों एवं ग्रामीणों द्वारा 13 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु ज्ञापन सौंपा गया, जिस पर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
Advertisement
Advertisement