बदायूं: सहसवान चकरोड पर नाला निर्माण में दबंगों की दबंगई, ग्राम प्रधान ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
22 Jan 2026

बदायूं: सहसवान चकरोड पर नाला निर्माण में दबंगों की दबंगई, ग्राम प्रधान ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
बदायूं: सहसवान चकरोड पर नाला निर्माण में दबंगों की दबंगई, ग्राम प्रधान ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन बदायूं जनपद के सहसवान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नसीरपुर गौसू में चकरोड पर चल रहे नाला निर्माण कार्य में गांव के ही कुछ दबंग लोगों द्वारा जबरन बाधा डाले जाने का मामला सामने आया है। यह चकरोड गांव की पानी की टंकी के पास से होते हुए अंदर तालाब तक जाता है, जिस पर नाले का निर्माण कार्य चल रहा था।ग्रामीणों के अनुसार, गांव के दबंग अततन और सललन द्वारा दबंगई के बल पर नाला निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया, जिससे ग्रामीणों को आवागमन सहित जल निकासी की भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग वर्षों से उपयोग में है और नाला निर्माण से जलभराव की समस्या का समाधान होना था।इसके अलावा ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव में बनी पानी की टंकी में लीकेज होने के कारण नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। टंकी पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा, जिससे यह टंकी अब “सफेद हाथी” साबित हो रही है।ग्राम प्रधान शाहिदा बेगम ने आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ दबंग लोग लगातार चकरोड और नाला निर्माण जैसे विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं और कार्य नहीं होने दे रहे। इस संबंध में उन्होंने उप जिलाधिकारी सहसवान को लिखित पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र संज्ञान लेकर नाला निर्माण कार्य को पुनः शुरू कराएगा और गांव की जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराएगा।