एटा सड़क हादसा: युवक की मौत पर सपा प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिले, मदद का आश्वासन
14 Jan 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मृत बाइक सवार युवक के परिवार से समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि नगला कमले निवासी कुलदीप कुमार (31) की अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल होने के बाद आगरा ले जाते समय मौत हो गई थी। घटना के तीसरे दिन समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मृतक के गांव नगला कमले पहुंचा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत कर मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव भूपेंद्र प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष गौरव यादव, जिलाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह पूर्व प्रधान भूपेंद्र मशिउल्लाह, पंकज यादव, प्रदेश सचिव छात्रसभा सुखेन्द्र यादव, रवि यादव, सुदाकांत शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
मृतक के परिवार की ओर से पिता ओमसरन, भाई प्रदीप कुमार तथा मृतक के दो नाबालिग पुत्र समेत अन्य परिजन मौजूद थे।








