खातेगांव में नाबालिग किशोरी की संदिग्ध मौत, निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर SDM को सौपा ज्ञापन
14 Jan 2026

खातेगांव में नाबालिग किशोरी की संदिग्ध मौत, निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर SDM को सौपा ज्ञापन
खातेगांव (देवास)। देवास जिले के खातेगांव नगर में ट्रेचिंग ग्राउंड नवनिर्मित कॉलोनी के पास जली अवस्था में मिली 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी निशा बारेला की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के नागरिकों ने कलेक्टर देवास एवं पुलिस अधीक्षक देवास के नाम अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, खातेगांव के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि मृतिका निशा बारेला, पिता कैलाश बारेला, निवासी कसरावद तहसील जिला खरगोन की रहने वाली थी, जो पिछले तीन–चार महीनों से खातेगांव में अपने मामा–मामी के पास रह रही थी। 12 जनवरी 2026 को किशोरी का शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया, जिसके बाद पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मंगलवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया, हालांकि अब तक पीएम एवं विसरा रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। नागरिकों ने आशंका जताई है कि घटना के दिन सोमवार को खातेगांव में डाक बंगला मैदान पर साप्ताहिक बाजार लगा था, जिसके चलते आसपास के कई लोग बाजार गए हुए थे। ऐसे में घटना को लेकर कई संदेहास्पद परिस्थितियां सामने आ रही हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि किशोरी के साथ कोई कुकृत्य हुआ है तो उसकी निष्पक्ष व गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया जाए। साथ ही, पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो मृतिका के परिजन एवं सर्व समाज मिलकर आंदोलन करने को विवश होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन–प्रशासन की होगी। उल्लेखनीय है कि खरगोन जिले के कसरावद तहसील से मजदूरी के लिए खातेगांव आई एक आदिवासी नाबालिग लड़की की इस तरह संदिग्ध मौत ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल बना दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।