खातेगांव–सुलगांव में गोंडी संस्कृति की भव्य झलक गायिका ममता उईके की गोंडी भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब
12 Jan 2026

खातेगांव–सुलगांव में गोंडी संस्कृति की भव्य झलक
गायिका ममता उईके की गोंडी भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब
हरण गाँव/खातेगाँव — तहसील खातेगांव अंतर्गत ग्राम सुलगांव में आयोजित कोयापुनेम धर्म दर्शन गोंडी गाथा का सात दिवसीय कार्यक्रम श्रद्धा, परंपरा एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में सुलगांव सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में गोंड समाज के लोग शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र गोंडी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। आयोजन के अंतर्गत आयोजित रात्रि जागरण भजन संध्या कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रसिद्ध गोंडी गायिका ममता उईके, शिवम इरपाचे एवं बादल भाई इरपाचे ने अपने मधुर एवं भावपूर्ण स्वर में गोंडी भजनों व गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। पूरी रात चले इस जागरण में श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते रहे। भजन संध्या के दौरान गोंडी परंपरा, संस्कृति एवं धार्मिक आस्था की अनुपम झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में क्षेत्र के समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर बनवारी धुर्वे (सरपंच प्रतिनिधि) एवं आशीष धुर्वे द्वारा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों, अतिथियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन न केवल गोंडी संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार का सशक्त माध्यम बना, बल्कि सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूती प्रदान करता नजर आया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. राधेश्याम भलावी (जनपद सदस्य प्रतिनिधि), सुभाष सिंह ईवने (सरपंच, निवारदी), डॉ. आनंद कर्पे (संभाग उपाध्यक्ष, गोंड समाज महासभा), डॉ. उदय सिंह परते, रवि कुमरे, जीतू उईके, आकाश उईके, रामशंकर उईके, कृष्णा मर्सकोले, रोहित मर्सकोले, अमन उईके, अश्विनी कर्पे सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।