ग्राम छैनाकछार (बी) में भव्य रूप से मनाई गई पितामह भीष्म जयंती कौरव समाज की एकता और युवाओं के संगठन पर दिया गया बल
12 Jan 2026

ग्राम छैनाकछार (बी) में भव्य रूप से मनाई गई पितामह भीष्म जयंती
कौरव समाज की एकता और युवाओं के संगठन पर दिया गया बल
चीचली जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम छैनाकछार (बी) में कौरव समाज द्वारा मानव समाज के आराध्य, धर्म, सत्य और त्याग के प्रतीक पितामह भीष्म जी की जयंती अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्राम में धार्मिक एवं सामाजिक वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ गंगा पुत्र भीष्म जी की छवि पर दीप प्रज्वलन, आरती एवं विधिवत पूजन के साथ हुआ। पूजन-अर्चन का कार्य पंडित धर्मेंद्र उदेनिया जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया। उपस्थित समाजजनों ने भीष्म पितामह के आदर्शों—सत्य, निष्ठा, त्याग और कर्तव्यपरायणता—को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। जयंती समारोह में कौरव महासभा के जिला सह-सचिव श्री भीकम सिंह मासाब विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज की प्रगति के लिए संगठन और एकता सबसे बड़ा आधार है। उन्होंने कौरव समाज के युवाओं से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों, शिक्षा, सामाजिक चेतना और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच श्री सतीश कौरव की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने भीष्म पितामह के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक समरसता और सद्भाव बनाए रखने की बात कही। इस अवसर पर ग्राम के समस्त कौरव समाजजन, वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे आयोजन सफल और गरिमामय रहा।