बदायूं:सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन
11 Jan 2026

बदायूं:सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन
बदायूं जिले की बिल्सी तहसील अंतर्गत गुन्धनी खोसारा गांव में सरकारी तालाब पर अवैध निर्माण कर कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में बिल्सी तहसील प्रशासन एवं मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।ग्रामीण गिरीश ने आरोप लगाया कि गुन्धनी खोसारा गांव स्थित बेहटा गुरसाई मोड़ के पास स्थित सरकारी तालाब पर गांव के कुछ लोगों द्वारा दीवारें बनाकर कब्जा किया जा रहा है। ग्रामीण अमर शर्मा और योगेश ने भी बताया कि तालाब की भूमि पर लगातार निर्माण कार्य चल रहा है, वहीं सड़क किनारे के हिस्से पर भी अवैध कब्जा किया जा रहा है।रविवार को ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से सरकारी तालाब को शीघ्र कब्जा मुक्त कराने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए बिल्सी के नायब तहसीलदार बदन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम द्वारा निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया है।नायब तहसीलदार ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।