एटा सड़क हादसाः तेज रफ्तार बाइकों की भिड़ंत, तीन की गई जान
11 Jan 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरई कल्याणपुर मोड़ के पास शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही अवागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने इलाज के दौरान ज्ञान सिंह पुत्र चोब सिंह (45 वर्ष), प्रदीप पुत्र नरेशपाल (30 वर्ष) और गौरव पुत्र कल्याण (28 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं छोटू पुत्र भूरे सिंह (35 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटू और गौरव अवागढ़ की ओर जा रहे थे, जबकि दूसरी बाइक से ज्ञान सिंह और प्रदीप आ रहे थे। बरई कल्याणपुर मोड़ के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
मृतक के भाई तुरसन पाल ने बताया कि सभी लोग घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी अवागढ़ अखिलेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।








