बेलखा गांव की आदिवासी बेटी सिमरन कुमरे करेंगी मध्यप्रदेश कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व
10 Jan 2026

बेलखा गांव की आदिवासी बेटी सिमरन कुमरे करेंगी मध्यप्रदेश कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व
खातेगांव // रिपोर्टर—रवि कुमरे खातेगांव तहसील के ग्राम बेलखा की आदिवासी गरीब परिवार की होनहार बेटी सिमरन कुमरे का चयन स्कूल गेम्स कबड्डी 19 वर्षीय बालिका वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है। सिमरन अब 19 से 23 जनवरी के बीच हिमाचल प्रदेश के सोलन में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। सिमरन कुमरे, पिता सुरेश कुमरे, देवास जिले के ग्राम बेलखा की निवासी हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद सिमरन ने अपने खेल कौशल से यह उपलब्धि हासिल की है। सिमरन के माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अभ्यास के लिए समुचित खेल मैदान उपलब्ध नहीं होने के बावजूद उनका राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना आदिवासी समाज के लिए गर्व का विषय है। ग्राम सरपंच सुभाग सिंह इवने ने बताया कि सिमरन पहले भी सांसद खेल महोत्सव में प्रतिभाग कर चुकी हैं और लगातार मेहनत व अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि सिमरन जैसी प्रतिभाएं ग्रामीण व आदिवासी अंचल की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन पर जागठा सरपंच सोनाली वट्टी एवं निवारदी सरपंच सुभाग सिंह इवने ने सिमरन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही द्रोणाचार्य एकेडमी के कबड्डी कोच तेजगिरी स्वामी, राजेश बिश्नोई एवं योगेश जाणी ने सिमरन की मेहनत की सराहना करते हुए उनके सफल प्रदर्शन की कामना की। इस उपलब्धि पर बधाई देने वालों में पत्रकार अरुण उईके, रूपसिंह इवने, सचिव राधेश्याम इवने, दीपसिंह इवने, रमेश कुमरे, आनंद कुमरे, बिन्तोश कुमरे, जितेंद्र, प्रार्थना इवने एवं अनामिका कुमरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल रहे।