एटा: बिजली विभाग के अफसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप, किसान सड़कों पर उतरे
08 Jan 2026

एटा: बिजली विभाग के अफसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप, किसान सड़कों पर उतरे
एटा। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विद्युत विभाग के जिला कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने विभागीय अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। यह धरना यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर अनिश्चितकालीन रूप से शुरू किया गया था। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने एक्सईएन भूपेंद्र कुमार और जैथरा उपखंड अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का आरोप था कि एक्सईएन भूपेंद्र यादव प्रतिदिन नोएडा से एटा आते हैं और आम जनता व किसानों की समस्याओं को सुनने के लिए समय नहीं देते। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के पदाधिकारी संतोष यादव ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों ने किसानों को लूटकर अकूत संपत्ति बनाई है और नोएडा में vip कोठी तक बनवा ली है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इन अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी कई जांचें चल रही हैं। किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अधीक्षण अभियंता (एसई) सुभाष चंद्र को एक लिखित ज्ञापन सौंपा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसई सुभाष ने किसानों का ज्ञापन लिया और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। एसई के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। इस प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष पंकज संगठन मंत्री सतेंद्र कुमार, सचिव मोहन गोपाल उपाध्याय, पुष्पेंद्र शर्मा, बी.के. सिंह, पूनम राठौर, शिवम मोहन, विनय कुमार, हीरालाल वर्मा, सुखवीर सिंह, अवधेश सत्यवीर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement