एटा में महिला आयोग की चौपालः सभी 9 शिकायतें पतियों के दूसरे संबंध से, मोबाइल से टूट रहे परिवार
08 Jan 2026

एटा में महिला आयोग की चौपालः सभी 9 शिकायतें पतियों के दूसरे संबंध से, मोबाइल से टूट रहे परिवार
एटा जनपद में राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने पुलिस लाइन सभागार में महिलाओं की चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सामने आईं सभी 9 शिकायतें पतियों द्वारा दूसरी महिलाओं से संबंध बनाने और उन्हें साथ रखने से संबंधित थीं। महिला चौपाल में महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़, महिला क्षेत्राधिकारी कृतिका सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। महिलाओं ने अपने-अपने मामलों को विस्तार से रखा, जिनमें घरेलू कलह, मानसिक उत्पीड़न और पति द्वारा दूसरी महिला के साथ रहने की शिकायतें प्रमुख रहीं। रेनू गौड़ ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन परिवारों के टूटने का एक बड़ा कारण बनता जा रहा है। मोबाइल के अत्यधिक और गलत उपयोग से रिश्तों में दूरी बढ़ रही है। उन्होंने पाश्चात्य संस्कृति के अंधानुकरण को भी पति द्वारा दूसरी महिला रखने की प्रवृत्ति बढ़ने का एक प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पहली पत्नी को उसका पूरा अधिकार दिलाने के लिए महिला आयोग पूरी तरह प्रयास करेगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन की मदद से उचित कार्रवाई की जाएगी। महिला आयोग की सदस्य ने यह भी कहा कि महिलाओं और किशोरियों के लिए जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें और सामाजिक कुरीतियों से बच सकें। रेनू गौड़ ने अभिभावकों को सलाह दी कि यदि उनकी बेटियां मोबाइल फोन का उपयोग कर रही हैं, तो माता-पिता को दिन में कम से कम एक बार मोबाइल की निगरानी जरूर करनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को मोबाइल का सीमित उपयोग करने, अच्छे संस्कार देने और भारतीय संस्कृति व पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया, जिससे परिवारों को टूटने से बचाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।