एटा में आग की घटना सकीट में घर में आग बकरियों की मौत शॉर्ट सर्किट से आग एटा ताजा खबर
08 Jan 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा जिले के सकीट नगर के मोहल्ला खरा में बुधवार देर रात करीब 12 से 1बजे के बीच एक घर में भीषण आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर घर में बंधी छह बकरियों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक बकरी गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे में लाखों रुपये का घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया।
घटना मोहल्ला निवासी चमन (लगभग 50 वर्ष) के घर में रात करीब एक बजे हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि बकरियों को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका। बकरियों को बचाने के प्रयास में चमन भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। आग से पशु चारा, घरेलू सामान और अन्य आवश्यक वस्तुएं भी पूरी तरह जल गईं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हादसे में उन्हें दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर नुकसान का आकलन किया।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। वहीं, मोहल्ले के लोगों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत दिलाने की अपील की है।








