एटा प्रेमी-प्रेमिका आत्महत्या मामला: 20 मिनट में दोनों ने दी जान, पुलिस जांच जारी
07 Jan 2026

एटा प्रेमी-प्रेमिका आत्महत्या मामला: 20 मिनट में दोनों ने दी जान, पुलिस जांच जारी

एटा। मिरहची थाना क्षेत्र के प्रसादपुर गांव में प्रेमी-प्रेमिका ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौत के बाद देर रात जिला मुख्यालय पर पोस्टमार्टम कराया गया। बताया जा रहा है कि महज 20 मिनट के अंतराल में दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया।
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय मुनेंद्र पुत्र राजपाल और 17 वर्षीय शिवानी पुत्री मनोज के रूप में हुई है। मुनेंद्र ने ट्यूशन से लौटने के बाद अपने घर में फांसी लगा ली। परिजन उसे वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलने पर गांव में भीड़ जुट गई। इसी दौरान सांत्वना देने युवक के घर पहुंचे किशोरी के परिजन वापस लौटे, जहां शिवानी ने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। परिजन उसे भी गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर सीओ सदर संकल्पदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। सीओ सदर ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।