एटा।
एटा जिले के अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सत्यपाल सिंह राठौड़ ने बुधवार को अपने आवास स्थित कैंप कार्यालय पर जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और पार्टी कार्यकर्ता अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
विधायक सत्यपाल सिंह राठौड़ ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व, पेंशन सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। विधायक ने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में मौजूद क्षेत्रवासियों ने जनता दर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे समाधान की उम्मीद मजबूत होती है।








