बरुआसागर: बेतहाशा गृह कर वृद्धि के खिलाफ फूटा आक्रोश, व्यापारियों और समाजसेवी संगठनों ने घेरा नगर पालिका कार्यालय
07 Jan 2026

बरुआसागर: बेतहाशा गृह कर वृद्धि के खिलाफ फूटा आक्रोश, व्यापारियों और समाजसेवी संगठनों ने घेरा नगर पालिका कार्यालय
बरुआसागर। नगर पालिका परिषद बरुआसागर में गृह कर (हाउस टैक्स) में की गई भारी वृद्धि को लेकर नगरवासियों का धैर्य जवाब दे गया है। अचानक कई गुना बढ़ाए गए टैक्स के विरोध में सोमवार को मतदाता जागरूक मंच और विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने नगर पालिका पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और अधिशासी अधिकारी (EO) को ज्ञापन सौंपकर टैक्स को न्यायसंगत बनाने की मांग की। नगरवासियों का आरोप है कि पालिका प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना या ठोस आधार के गृह कर में कई गुना वृद्धि कर दी है। इससे न केवल आम जनता, बल्कि व्यापारी वर्ग भी बेहद परेशान है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पूर्व में भी ज्ञापन के माध्यम से अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई सुनवाई न होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा। मतदाता मंच के संयोजक शिखर चंद्र जैन की अगुआई में नगर के कई समाजसेवी संगठनों और व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। पालिका कार्यालय में ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से शामिल व्यापार मंडल से अध्यक्ष महादेव बाजपेई, आनंद सोनी और प्रथम श्रीवास्तव रहे | मतदाता जागरूक मंच से ओमी कुशवाहा एवं अन्य सदस्य शामिल रहे | नगर पालिका में विरोध दर्ज कराने के साथ-साथ व्यापारियों ने क्षेत्रीय विधायक प्रतिनिधि उद्भव दीक्षित को भी एक ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने मांग की है कि इस मामले में हस्तक्षेप कर बढ़े हुए टैक्स को वापस लिया जाए या उसे कम कर जनता को राहत प्रदान की जाए। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने अपने निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया और गृह कर को न्यायसंगत नहीं बनाया, तो नगरवासी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर नगर के व्यापारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे | *इस पर अधिशाषी अधिकारी ने कहा -:* इस विषय पर जल्द ही बोर्ड की मीटिंग में विचार कर उचित निर्णय लिया जाएगा |