एटा के अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में तीन सड़कों का होगा विकास, 31.37 करोड़ रुपये से सडक बिकास चौड़ीकरण ।
06 Jan 2026

एटा के अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में तीन सड़कों का होगा विकास, 31.37 करोड़ रुपये से सडक बिकास चौड़ीकरण ।
एटा। अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र की तीन प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण को शासन से मंजूरी मिल गई है। इन विकास कार्यों पर कुल 31.37 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद यातायात जाम की समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित व सुगम होगा। स्वीकृत योजनाओं के तहत अलीगंज से ठठींगरा तक लगभग 9 किलोमीटर लंबा सीसी मार्ग विशेष मरम्मत योजना के अंतर्गत बनाया जाएगा। इस पर 2.70 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह मार्ग ग्रामीण इलाकों को मुख्य बाजार से जोड़ने का प्रमुख रास्ता है, जिसकी हालत खराब होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा फर्रुखाबाद–नवाबगंज–अलीगंज मार्ग के 8 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस परियोजना पर 12.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह मार्ग अंतरजनपदीय संपर्क का अहम साधन है, जिस पर भारी वाहनों का आवागमन अधिक रहता है। सड़क चौड़ी होने से यातायात सुचारू होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। वहीं जैथरा–दरियावगंज मार्ग के 13.50 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिस पर 15.87 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह मार्ग कृषि क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़क बेहतर होने से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ते यातायात को देखते हुए इन सड़कों का चौड़ीकरण आवश्यक था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इन परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने बताया कि धनराशि जारी हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से न केवल जाम की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार और कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
Advertisement
Advertisement