ब्रेक फेल होने से इनोवा कार पान की गुमटी में घुसी, बड़ा हादसा टला
05 Jan 2026
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
देवास। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक इनोवा कार के ब्रेक अचानक फेल हो गए। अनियंत्रित कार सीधे सड़क किनारे स्थित पान की गुमटी में जा घुसी। गनीमत रही कि घटना के समय गुमटी के आसपास ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में नहीं थी, लेकिन ब्रेक काम न करने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे में गुमटी को नुकसान पहुंचा है, वहीं कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ। चालक को मामूली चोटें आने की सूचना है, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोग और पुलिस पहुंची। पुलिस ने वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ब्रेक फेल होना हादसे का कारण माना जा रहा है।








