इंदौर की घटना से देवास नगर निगम पूरी तरह अलर्ट
02 Jan 2026
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
देवास।
इंदौर में दूषित पेयजल से फैली बीमारी की घटना से सबक लेते हुए देवास नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल के निर्देश पर शहर की सभी 19 बड़ी पानी की टंकियों की तत्काल सफाई कराने के आदेश जारी किए गए हैं।
महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर के किसी भी क्षेत्र से यदि गंदे या दूषित पानी की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि जल आपूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा पाइपलाइन लीकेज, ओवरफ्लो और स्वच्छता से जुड़ी सभी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि देवास शहर में पेयजल की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नागरिकों का स्वास्थ्य नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे लेकर सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं पेयजल से संबंधित कोई समस्या दिखाई दे, तो तत्काल निगम को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।








