एटा मे आर्थिक तंगी और बीमारी से पीड़ित ने की आत्महत्या लगाई बिजली पोल पर फांसी।
01 Jan 2026

एटा मे आर्थिक तंगी और बीमारी से पीड़ित ने की आत्महत्या लगाई बिजली पोल पर फांसी।
एटा जनपद के मिरहची नगर पंचायत क्षेत्र के ग्राम जिन्हैरा में नववर्ष की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 55 वर्षीय व्यक्ति ने आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राधाचरन भुर्जी पुत्र लालाराम भुर्जी के रूप में हुई है। उन्होंने घर के पास लगे बिजली के सीमेंटेड पोल से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों के अनुसार राधाचरन लंबे समय से गंभीर बीमारी से ग्रसित थे और आर्थिक हालात भी बेहद खराब थे। हालात ऐसे थे कि कई दिनों तक उन्हें भरपेट भोजन भी नसीब नहीं हो पा रहा था। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। पिता बीमार हैं और मां वृद्धावस्था में हैं। घटना की सूचना मिलने पर मिरहची थानाध्यक्ष नीतू वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को विद्युत पोल से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक के भाई विकास ने बताया कि पड़ोसियों से सूचना मिली थी कि राधाचरन ने फांसी लगा ली है। वह काफी समय से मानसिक और आर्थिक तनाव में थे। थानाध्यक्ष नीतू वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में मृतक के बीमार और आर्थिक रूप से कमजोर होने की बात सामने आई है।
Advertisement
Advertisement