मिरहची क्षेत्र में डायरिया से पीड़ित 10 माह के मासूम की मौत। परिजन इलाज के लिए भटकते रहे, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।
01 Jan 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा मिरहची क्षेत्र में डायरिया से पीड़ित 10 माह के एक मासूम बच्चे की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को उपचार के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण बच्चे की जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार, मिरहची क्षेत्र के गांव जिन्हैरा निवासी हफीज का 10 माह का पुत्र राजा बाबू बीते कई दिनों से बीमार था। करीब दस दिन पहले उसकी मां बच्चे को लेकर मायके मैनपुरी गई थीं, जहां सर्दी लगने के बाद बच्चे को तेज दस्त (डायरिया) शुरू हो गए।
परिजनों ने मैनपुरी में एक निजी चिकित्सक को दिखाया, लेकिन इलाज के बावजूद बच्चे की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। धीरे-धीरे हालत गंभीर होती चली गई। बुधवार को बच्चे को मिरहची स्थित ससुराल लाया गया, जहां स्थानीय चिकित्सक ने गुरुवार को उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही और समय पर उपचार न मिलने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।








