ऑपरेशन श्वेत: अलीगंज में 15 गौकशी आरोपी पुलिस के रडार पर, पहले भी जा चुके हैं जेल
31 Dec 2025

ऑपरेशन श्वेत: अलीगंज में 15 गौकशी आरोपी पुलिस के रडार पर, पहले भी जा चुके हैं जेल
ऑपरेशन श्वेत: अलीगंज में 15 गौकशी आरोपी पुलिस के रडार पर, पहले भी जा चुके हैं जेल एटा जनपद के अलीगंज क्षेत्र मे गौकशी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन श्वेत’ के तहत अलीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की दो टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए गौकशी के मामलों में संलिप्त 15 आरोपियों के घरों पर दबिश देकर उनका भौतिक सत्यापन किया। अलीगंज क्षेत्राधिकारी नीतिश गर्ग ने बताया कि यह अभियान एसएसपी एटा श्याम नारायण सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता पांडे के नेतृत्व में पूरे जनपद में चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अलीगंज थाना क्षेत्र में गौकशी से जुड़े पुराने अपराधियों की गहन जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पिछले 10 वर्षों के दौरान गौकशी के मामलों में शामिल रहे अपराधियों, जिनके विरुद्ध कोतवाली अलीगंज में मुकदमे दर्ज हैं, उनका विशेष अभियान के तहत सत्यापन किया जा रहा है। जांच में यह सामने आया है कि सत्यापित किए गए सभी अभियुक्त पूर्व में जेल भी जा चुके हैं। पुलिस द्वारा इन सभी अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास, वर्तमान गतिविधियों और संपत्ति की गहन जांच की जा रही है। प्राप्त तथ्यों के आधार पर गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही थाना स्तर से धारा 126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत भी विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ‘ऑपरेशन श्वेत’ के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।