एटा में कोडीन कफ सीरप मामला: अलीगंज पुलिस ने वांछित आरोपी राजू उर्फ रजनीश को किया गिरफ्तार
30 Dec 2025

एटा में कोडीन कफ सीरप मामला: अलीगंज पुलिस ने वांछित आरोपी राजू उर्फ रजनीश को किया गिरफ्तार
एटा। जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र में कोडीन युक्त कफ सीरप तस्करी के मामले में पुलिस ने एक और वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजू उर्फ रजनीश पुत्र रामनिवास, निवासी मंझना, थाना नवाबगंज, जनपद फर्रुखाबाद, उम्र करीब 37 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त को मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे आशीर्वाद ढाबा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी थाना अलीगंज में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 269/2025 में वांछित चल रहा था। यह मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/29/60 तथा औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम की धारा 18सी/27 के अंतर्गत दर्ज है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्याम नारायण सिंह के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। इस संबंध में अलीगंज क्षेत्राधिकारी नीतिश गर्ग ने बताया कि अभियुक्त बनारस से कोडीन कफ सीरप लेकर अपने कैंटर वाहन से आया था, जिसे पुलिस टीम ने आशीर्वाद ढाबा के पास से गिरफ्तार किया है। मामले में थाना स्तर और जिला स्तरीय टीमों द्वारा कई बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है तथा अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विपिन कुमार, कांस्टेबल अमरजीत सिंह (408) और कांस्टेबल विनय कुमार (402) शामिल रहे। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।