डॉ. ऋचा यादव ग्रीन वारियर अवार्ड 2025 के लिए नामांकित, एटा में पर्यावरण संरक्षण की मजबूत आवाज
30 Dec 2025
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा जनपद की सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यकर्ता डॉ. ऋचा यादव को ग्रीन वारियर अवार्ड 2025 के लिए नामांकित किया गया है। डॉ. यादव एटा विधिक सेवा प्राधिकरण में परा विधिक स्वयंसेवक तथा महिला मामलों की काउंसलर के रूप में कार्यरत हैं और सामाजिक संस्था ‘नींव की छांव’ फाउंडेशन से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं।
डॉ. ऋचा यादव बीते कई वर्षों से सामाजिक कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही हैं। ‘नींव की छांव’ फाउंडेशन के माध्यम से वह वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता अभियान और जनभागीदारी कार्यक्रमों द्वारा लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित कर रही हैं।
पीपल मैन फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. रघुराज प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीन वारियर अवार्ड भारत सरकार के कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय द्वारा प्रदान किया जाता है। वर्ष 2025 में यह सम्मान उत्तराखंड के सुरेश भाई, उत्तर प्रदेश के देवेंद्र फोगाट (बागपत), गगनदीप सिंह (गाजियाबाद), दिल्ली के आशीष शर्मा तथा राजस्थान के रामभरोसे मीणा (अलवर) को भी दिया जा रहा है।
डॉ. ऋचा यादव पिछले 10 वर्षों से एटा पुस्तक महोत्सव के आयोजन में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके नामांकन पर एटा पुस्तक महोत्सव समिति के अध्यक्ष/संयोजक संजीव कुमार एआरएम, प्रख्यात पर्यावरणविद् ज्ञानेंद्र रावत, वरिष्ठ पत्रकार अनूप दुबे, उत्तर प्रदेश फुटबॉल टीम के कोच देवेंद्र चौधरी, जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष राजीव यादव सहित अनेक प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।








