31 दिसंबर को लेकर पुलिस अलर्ट, जिलेभर में नाकाबंदी व सघन चेकिंग
30 Dec 2025

31 दिसंबर को लेकर पुलिस अलर्ट, जिलेभर में नाकाबंदी व सघन चेकिंग
देवास— नववर्ष एवं 31 दिसंबर को लेकर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलेभर में प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर प्रभावी चेकिंग की जा रही है। पुलिस अधीक्षक देवास द्वारा देर रात विभिन्न नाकाबंदी स्थलों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध वाहनों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग, तेज रफ्तार एवं अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाए। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष का स्वागत शांतिपूर्ण ढंग से करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।