बदायूं: 10 दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का कंकालनुमा शव खेत में मिला।
29 Dec 2025
Reporter-- Rahul
बदायूं: 10 दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का कंकालनुमाशव खेत में मिला, हत्या की आशंका
बदायूं जिले में 10 दिनों से लापता 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी का कंकालनुमा शव गांव के पास एक खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की है और हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
यह घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास एक खेत में अज्ञात किशोरी का शव पड़ा देखा, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव का काफी हिस्सा जानवरों द्वारा खाया जा चुका था।परिजनों के अनुसार किशोरी 19 दिसंबर की रात करीब 12 बजे घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी लगातार तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को तहरीर दी थी, हालांकि थाने में कोई औपचारिक गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई थी।
शव मिलने की सूचना पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और कपड़ों के आधार पर पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि जंगल क्षेत्र में एक लापता किशोरी का शव मिला है, जिसकी पहचान परिजनों ने कर ली है। किशोरी की गुमशुदगी के संबंध में कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं थी। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








