एटा जिले में पुलिस की दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। नगला पड़ाव क्षेत्र में तैनात दरोगा द्वारा रोजगार सेवक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कंचनपुर निवासी ओमचंद्र, जो कि रोजगार सेवक हैं, शुक्रवार शाम नगला पड़ाव क्षेत्र में चाय पीने के लिए खड़े थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें किसी अपराधी के शक में रोककर पूछताछ शुरू की।
वायरल वीडियो में दरोगा सुरेंद्र मोहन युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को छुड़ाया।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद भी दरोगा उसे थाने ले गए और शांति भंग के आरोप में पाबंद कर दिया। वहीं दरोगा का कहना है कि वह मोबाइल चोर की तलाश में मौके पर पहुंचे थे।
मामले को संज्ञान में लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे ने दरोगा सुरेंद्र मोहन को लाइन हाजिर कर दिया है। जांच सीओ अलीगंज को सौंपी गई है। वीडियो और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








