देश की शान बना 10 वर्षीय श्रवण सिंह प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित।
26 Dec 2025

देश की शान बना 10 वर्षीय श्रवण सिंह प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित।
देश की शान बना 10 वर्षीय श्रवण सिंह, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के जवानों को लॉजिस्टिकल सपोर्ट देकर मानवता और देशभक्ति की मिसाल पेश करने वाले 10 वर्षीय श्रवण सिंह को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। श्रवण सिंह ने बताया कि जब पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ और सैनिक उनके गांव आए, तो उन्होंने स्वेच्छा से सैनिकों की सेवा करने का निर्णय लिया। श्रवण रोज़ाना जवानों के लिए दूध, चाय, छाछ और बर्फ पहुंचाया करते थे, ताकि कठिन परिस्थितियों में तैनात सैनिकों को आवश्यक सहयोग मिल सके। पुरस्कार मिलने पर भावुक श्रवण सिंह ने कहा, “मुझे अवॉर्ड पाकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैंने कभी इसका सपना भी नहीं देखा था। मैंने बस यही सोचा कि देश की सेवा कर रहे सैनिकों की मुझे भी सेवा करनी चाहिए।” श्रवण सिंह की इस निस्वार्थ सेवा और जज़्बे ने न केवल उनके गांव, बल्कि पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। उनका यह योगदान साबित करता है कि देशसेवा की भावना उम्र की मोहताज नहीं होती।